22 Mar 2026, Sun

दीपिका पादुकोण संग अनबन के बीच संदीप रेड्डी वांगा ने किया ‘धुरंधर’ का रिव्यू, रणवीर की फिल्म पर कही ये बात

मुंबई: रणवीर सिंह स्टारर स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी जमकर सुर्खियां बटोर रही है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी बीच अब ‘एनिमल’ और ‘कबीर सिंह’ के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा का इस फिल्म पर आया रिएक्शन चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। खास बात यह है कि यह प्रतिक्रिया ऐसे समय सामने आई है, जब वांगा का नाम अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के साथ कथित अनबन को लेकर सुर्खियों में रहा है।

संदीप रेड्डी वांगा अपनी बेबाक राय और निडर बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं। शनिवार को उन्होंने अपने X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ की जमकर तारीफ की। वांगा का यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गया और फिल्म से जुड़ी चर्चा और तेज हो गई।

रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना के अभिनय की खुलकर तारीफ

संदीप रेड्डी वांगा ने अपने पोस्ट में रणवीर सिंह के अभिनय को लेकर खासतौर पर तारीफों के पुल बांधे। उन्होंने फिल्म के टाइटल से लेकर इसके टोन और ट्रीटमेंट तक की सराहना की। वांगा ने लिखा कि ‘धुरंधर’ एक ऐसे शख्स की तरह है जो कम बोलता है लेकिन बेहद दृढ़ निश्चयी है। उनके मुताबिक फिल्म में दबदबा, उग्रता और स्पष्टता साफ नजर आती है।

उन्होंने रणवीर सिंह के साथ-साथ अक्षय खन्ना के अभिनय की भी जमकर तारीफ की और कहा कि दोनों कलाकार अपने किरदारों में इस कदर ढल गए हैं कि मानो स्क्रीन पर गायब हो जाते हैं। वांगा ने फिल्म के संगीत, स्क्रीनप्ले और निर्देशन को भी उत्कृष्ट बताया।

आदित्य धर ने दिया भावुक जवाब

वांगा के इस पोस्ट के कुछ ही मिनटों बाद फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। आदित्य धर ने संदीप रेड्डी वांगा को ‘भाई’ कहकर संबोधित किया और उनकी तारीफ को अपने लिए सम्मान बताया। धर ने लिखा कि वह वांगा के निडर सिनेमा और बेबाक कहानी कहने की शैली के हमेशा से प्रशंसक रहे हैं।

आदित्य धर ने यह भी कहा कि ‘धुरंधर’ को ईमानदारी, संयम और मजबूत विश्वास के साथ बनाया गया है और वांगा के शब्द उस रचनात्मक सफर की खामोश स्वीकृति हैं। दोनों फिल्ममेकर्स के बीच इस आपसी सम्मान को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।

दीपिका पादुकोण विवाद के बीच आया रिएक्शन

गौरतलब है कि कुछ समय पहले संदीप रेड्डी वांगा और दीपिका पादुकोण की अनबन को लेकर काफी चर्चा हुई थी। दीपिका पहले वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ का हिस्सा थीं, लेकिन बाद में कथित मतभेदों के चलते उन्हें फिल्म से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह तृप्ति डिमरी को कास्ट किया गया। ऐसे में रणवीर सिंह की फिल्म पर वांगा का यह पॉजिटिव रिएक्शन और भी ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है।

‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस धमाल

5 दिसंबर को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का कुल कलेक्शन 483 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। रणवीर सिंह के साथ फिल्म में अक्षय खन्ना, आर. माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे दमदार कलाकार नजर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *