ऑयली कढ़ाई साफ करने के आसान देसी तरीके: मिनटों में हटेगी कालिख और जमी हुई चिकनाई
रसोई में कढ़ाई का इस्तेमाल लगभग हर घर में रोजाना होता है। सब्जी बनाने से लेकर तड़का लगाने और डीप फ्राई तक कई कामों में कढ़ाई का उपयोग किया जाता है। लेकिन बार-बार इस्तेमाल होने की वजह से कढ़ाई में तेल, मसाले और कालिख की मोटी परत जम जाती है। कई बार तो काफी देर तक रगड़ने के बाद भी कढ़ाई पूरी तरह साफ नहीं हो पाती।
अगर आप भी इस समस्या से परेशान रहते हैं तो कुछ आसान देसी उपाय अपनाकर कढ़ाई को बिना ज्यादा मेहनत के चमकाया जा सकता है। इन तरीकों से कढ़ाई पर जमी चिकनाई, काला दाग और जंग भी आसानी से हट सकती है।
सिरका और नमक का इस्तेमाल
कढ़ाई को साफ करने का एक आसान और असरदार तरीका सिरका और नमक है। इसके लिए सबसे पहले कढ़ाई में बराबर मात्रा में पानी और सिरका डाल लें। इसके बाद इसमें दो चम्मच नमक मिला दें और मिश्रण को अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
अब इस मिश्रण को गैस पर रखकर लगभग 5 से 10 मिनट तक गर्म करें। गर्म होने के बाद गैस बंद कर दें और कढ़ाई को थोड़ा ठंडा होने दें। जब कढ़ाई ठंडी हो जाए तो स्क्रबर की मदद से हल्का रगड़ें। ऐसा करने से कढ़ाई में जमी चिकनाई और गंदगी आसानी से निकल जाती है और कढ़ाई पहले से ज्यादा साफ दिखाई देने लगती है।
फिटकरी का घोल भी है असरदार
फिटकरी भी कढ़ाई को साफ करने में काफी मददगार साबित हो सकती है। इसके लिए कढ़ाई में पानी डालकर उसे गैस पर गर्म कर लें। जब पानी गर्म हो जाए तो उसमें थोड़ा सा फिटकरी डाल दें और उसे पूरी तरह घुलने दें।
गर्म पानी और फिटकरी का यह घोल कढ़ाई की सफाई में बेहद कारगर माना जाता है। इससे न सिर्फ तेल और गंदगी हटती है बल्कि कढ़ाई पर जमी जंग और कालिख भी धीरे-धीरे साफ हो जाती है। बाद में स्क्रबर से हल्का रगड़ने पर कढ़ाई चमकने लगती है।
बॉइलिंग मेथड से भी मिलेगी राहत
अगर कढ़ाई में ज्यादा कालिख या चिकनाई जमा हो गई है तो बॉइलिंग मेथड भी काफी काम आता है। इसके लिए सबसे पहले कढ़ाई में पानी भर लें। इसके बाद इसमें एक बड़ा चम्मच बेकिंग सोडा, एक बड़ा चम्मच नमक और थोड़ा सा नींबू का रस डाल दें।
अगर नींबू उपलब्ध न हो तो उसकी जगह सिरका भी इस्तेमाल किया जा सकता है। अब इस मिश्रण को करीब 10 से 15 मिनट तक उबालें। उबालने के बाद कढ़ाई को थोड़ा ठंडा होने दें और फिर स्क्रबर से रगड़कर साफ करें। इससे कढ़ाई पर जमी कालिख और तेल की परत आसानी से निकल जाती है।
सफाई करते समय रखें ये ध्यान
कढ़ाई को साफ करते समय बहुत ज्यादा जोर से रगड़ने से बचना चाहिए, खासकर अगर कढ़ाई नॉन-स्टिक हो। इसके अलावा सफाई के बाद कढ़ाई को अच्छे से धोकर सुखाना भी जरूरी है, ताकि उसमें दोबारा जंग न लगे।
इन आसान घरेलू तरीकों को अपनाकर आप अपनी कढ़ाई को कम समय में साफ और चमकदार बना सकते हैं। नियमित रूप से इन उपायों का इस्तेमाल करने से कढ़ाई लंबे समय तक नई जैसी बनी रहती है।

