6 Mar 2026, Fri

टी20 वर्ल्ड कप में लगातार दो फाइनल खेलने वाली टीमें, भारत के साथ इन देशों का नाम शामिल

टी20 वर्ल्ड कप में लगातार दो फाइनल खेलने वाली टीमें: भारत के साथ पाकिस्तान और श्रीलंका का नाम शामिल

 

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने में सफल रही है और ऐसा करने वाली दुनिया की तीसरी टीम बन गई है।

 

भारत से पहले यह उपलब्धि पाकिस्तान और श्रीलंका की टीम हासिल कर चुकी हैं। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में लगातार दो बार फाइनल खेलने का कारनामा सबसे पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने किया था।

 

पाकिस्तान ने 2007 में खेले गए पहले टी20 वर्ल्ड कप में फाइनल तक का सफर तय किया था। उस मुकाबले में उनका सामना भारत से हुआ था, जहां टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर इतिहास रचते हुए पहला टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। हालांकि पाकिस्तान ने हार से सीख लेते हुए 2009 टी20 वर्ल्ड कप में शानदार वापसी की। 2009 के फाइनल में पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर खिताब जीत लिया और पहली बार टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बना।

 

इसके बाद श्रीलंका क्रिकेट टीम ने भी लगातार दो बार फाइनल खेलने का रिकॉर्ड बनाया। श्रीलंका ने 2012 टी20 वर्ल्ड कप में फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन उस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने उन्हें हरा दिया था। हालांकि श्रीलंका ने अगले ही टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए 2014 टी20 वर्ल्ड कप में फिर से फाइनल में जगह बनाई। इस बार श्रीलंका ने भारत को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली और टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया।

 

अब भारतीय टीम भी इस खास सूची में शामिल हो गई है। टीम इंडिया अब तक चार बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच चुकी है। भारत ने सबसे पहले 2007 में टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेला था और पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद भारतीय टीम 2014 में भी फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन उस मुकाबले में श्रीलंका के हाथों हार झेलनी पड़ी थी।

 

करीब दस साल बाद भारतीय टीम ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई और इस बार उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी जीत ली। इस जीत के साथ भारत ने दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था।

 

अब 2026 में टीम इंडिया लगातार दूसरी बार फाइनल खेलने जा रही है। फाइनल मुकाबले में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। यह हाई वोल्टेज मैच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

 

अगर टीम इंडिया इस मुकाबले में न्यूजीलैंड को हरा देती है तो वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में लगातार दो बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। अभी तक कोई भी टीम इस टूर्नामेंट में अपने खिताब को सफलतापूर्वक डिफेंड नहीं कर पाई है। ऐसे में भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का शानदार मौका है और पूरे देश की नजरें इस बड़े मुकाबले पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *