11 Feb 2026, Wed

गेंद की तरह गोल दिख रही मादा भालू सोशल मीडिया पर फैला रही सनसनी, वीडियो देखकर दंग रह जाएंगे आप

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक गोल-मटोल मादा ब्लैक बियर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और खुश भी। वीडियो में भालू का शरीर इतना विशाल और गेंद जैसा दिखाई दे रहा है कि कई यूजर्स ने इसकी तुलना एक बड़ी गेंद से कर दी है। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर किए गए इस वीडियो को अब तक लाखों बार देखा जा चुका है और इसे हजारों लाइक्स, रीपोस्ट और कमेंट्स मिल चुके हैं।

वीडियो में मादा ब्लैक बियर भारी-भरकम और फूले हुए पेट के साथ धीरे-धीरे चलती नजर आ रही है। सोशल मीडिया यूजर्स इसे “Insane Shape” बता रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह भालू चार शावकों के साथ गर्भवती है और सर्दियों की लंबी नींद यानी हाइबरनेशन की तैयारी कर रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक, सर्दियों से पहले भालू अपने शरीर में बड़ी मात्रा में वसा जमा कर लेते हैं, ताकि हाइबरनेशन के दौरान उन्हें ऊर्जा मिल सके।

वीडियो को लेकर कई यूजर्स ने इसे ‘प्रकृति का करिश्मा’ बताया है, वहीं कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में इसे ‘Hybrination’ नाम दिया है। कई यूजर्स ने इसे “Wholesome” और बेहद प्यारा करार दिया है। हालांकि, इसके साथ ही कुछ पर्यावरणविदों ने चिंता भी जाहिर की है।

दरअसल, भालुओं की प्रजनन प्रक्रिया बेहद अनोखी होती है। गर्मियों में गर्भाधान के बाद भ्रूण का विकास तब तक रुक जाता है, जब तक मादा भालू पर्याप्त वसा जमा नहीं कर लेती। इसे Delayed Implantation कहा जाता है। सर्दियों में हाइबरनेशन के दौरान, जब मादा भालू गहरी नींद में होती है, तभी उसके शावकों का जन्म होता है।

जन्म के समय शावकों का वजन मात्र 200 से 500 ग्राम होता है। मादा भालू नींद में ही उन्हें दूध पिलाती है और उनकी देखभाल करती है। वसंत ऋतु आने तक ये शावक 10 से 20 पाउंड तक के हो जाते हैं और मां के साथ मांद से बाहर निकलते हैं।

ब्लैक बियर के लिए चार शावकों को जन्म देना असामान्य जरूर है, लेकिन असंभव नहीं। आमतौर पर मादा भालू एक से तीन शावकों को जन्म देती है। हालांकि, जहां भोजन की उपलब्धता अधिक होती है—जैसे सैल्मन मछली, जामुन और नट्स—वहां मादा भालू ज्यादा वसा जमा कर चार शावकों को भी जन्म दे सकती है।

यह वायरल वीडियो उत्तरी अमेरिका का बताया जा रहा है, जहां ब्लैक बियर सर्दियों से पहले खूब भोजन कर अपने शरीर को मोटा बना लेती हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण भालुओं के हाइबरनेशन पैटर्न में बदलाव आ रहा है, जो उनके और उनके शावकों के जीवन के लिए खतरा बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *