3 Mar 2026, Tue

ईरान के हमलों से बदली दुबई की तस्वीर, सैटेलाइट इमेज ने दुनिया को चौंकाया

24 फरवरी तक दुबई की पहचान चमचमाती सड़कों, आलीशान गगनचुंबी इमारतों और शांत कारोबारी माहौल से थी, लेकिन 1 मार्च 2026 की सैटेलाइट तस्वीरों ने दुनिया को चौंका दिया। ताजा इमेज में दुबई के कई हिस्सों से काले धुएं के गुबार उठते दिखाई दिए, जिससे यह साफ हो गया कि खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब सीधे शहर पर दिखने लगा है।

दशकों से मिडिल ईस्ट का सुरक्षित और स्थिर केंद्र माने जाने वाले Dubai की तस्वीर कुछ ही दिनों में बदल गई। 24 फरवरी की सैटेलाइट इमेज में जहां शहर सामान्य और शांत नजर आ रहा था, वहीं 1 मार्च की तस्वीरों में कई इलाकों में विस्फोट के बाद उठता धुआं साफ देखा गया।

जानकारी के मुताबिक, Iran ने अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों के जवाब में खाड़ी देशों पर सैकड़ों ड्रोन और मिसाइल दागे। इन हमलों का मुख्य निशाना वे क्षेत्र बताए जा रहे हैं, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। हालांकि दुबई के एयर डिफेंस सिस्टम ने अधिकतर मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही मार गिराया, लेकिन इंटरसेप्शन के दौरान गिरा मलबा शहर के कुछ प्रतिष्ठित इलाकों में जा गिरा, जिससे नुकसान की खबरें सामने आई हैं।

सूत्रों के अनुसार, मशहूर Burj Al Arab और पॉश इलाका Palm Jumeirah के आसपास मलबा गिरने से संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि रातभर धमाकों की तेज आवाजें सुनाई देती रहीं और आसमान में इंटरसेप्टर मिसाइलों की चमक से पूरा शहर दहल उठा। कई इलाकों में लोगों ने एहतियातन घरों के अंदर रहना ही बेहतर समझा।

तनाव की शुरुआत तब हुई जब United States और Israel ने ईरान पर बड़ा हमला किया। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता Ali Khamenei और कई वरिष्ठ अधिकारियों की मौत की खबर सामने आई। इसके बाद ईरान ने बदला लेने की कसम खाते हुए इजरायल और उन खाड़ी देशों को निशाना बनाया, जहां अमेरिकी सैन्य अड्डे मौजूद हैं।

इस बीच, दुबई के मीडिया कार्यालय ने ऑनलाइन प्रसारित हो रही आगजनी की पुरानी या भ्रामक फुटेज को लेकर चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गलत और भ्रामक सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने बाद में अपनी पोस्ट हटा लीं।

संयुक्त अरब अमीरात के मानव संसाधन मंत्रालय ने एहतियात के तौर पर निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को मंगलवार तक वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है। रविवार तक शहर में असामान्य रूप से शांति का माहौल देखा गया, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।

विश्लेषकों का मानना है कि खाड़ी क्षेत्र में बढ़ता यह तनाव वैश्विक ऊर्जा बाजार, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और पर्यटन उद्योग पर व्यापक असर डाल सकता है। दुबई, जो अंतरराष्ट्रीय कारोबार और पर्यटन का बड़ा केंद्र है, वहां की मौजूदा स्थिति पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *