मुंबई: बॉलीवुड के चर्चित हास्य अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों आर्थिक संकट और कानूनी झमेले में फंसे हुए हैं। दिल्ली की अदालत में 9 करोड़ रुपये के कर्ज और चेक बाउंस मामले में उन्हें तिहाड़ जेल भेजा गया है। इस मुश्किल समय में फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे सामने आए हैं और मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।
आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि
राजपाल यादव की आर्थिक समस्याएं साल 2010 से जुड़ी बताई जा रही हैं। उन्होंने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही और वह लोन चुकाने में असफल रहे। समय के साथ यह मामला कानूनी रूप ले लिया और बकाया रकम करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुँच गई। अदालत द्वारा कई अवसर दिए जाने के बावजूद भुगतान न होने पर कोर्ट ने उनके खिलाफ सख्त कदम उठाया।
गुरमीत चौधरी ने जताया समर्थन
अभिनेता गुरमीत चौधरी ने इस मुश्किल समय में राजपाल यादव के समर्थन में आवाज उठाई। उन्होंने अपने आधिकारिक X हैंडल पर लिखा,
“राजपाल यादव जी जैसे सीनियर और बेहद टैलेंटेड आर्टिस्ट को इस दर्दनाक दौर से गुजरते देख मेरा दिल टूट गया है। उन्होंने हमें अनगिनत मुस्कानें और यादगार पल दिए हैं। मैं हर संभव मदद करने के लिए तैयार हूं और फिल्म इंडस्ट्री से अपील करता हूं कि हम सब मिलकर उन्हें सहारा दें।”
गुरमीत ने व्यक्तिगत मदद के अलावा इंडस्ट्री से भी राजपाल के लिए आगे आने की अपील की, यह कहते हुए कि बॉलीवुड एक परिवार है और मुश्किल वक्त में अपनों का साथ नहीं छोड़ता।
KRK ने भी पेश किया मदद का प्रस्ताव
कमाल राशिद खान, जिन्हें KRK के नाम से जाना जाता है, भी राजपाल यादव की मदद के लिए सामने आए। उन्होंने X पर लिखा,
“मैं राजपाल यादव के लिए 10 लाख रुपये देने को तैयार हूं। आइए बॉलीवुड के लोग मिलकर उन्हें 5 करोड़ रुपये दें। यदि वह सिर्फ 5 करोड़ रुपये चुकाते हैं तो तुरंत जेल से बाहर आ सकते हैं।”
सोनू सूद का पेशा मदद
इससे पहले अभिनेता सोनू सूद ने भी राजपाल यादव को सपोर्ट किया। उन्होंने कहा कि यह मदद किसी तरह की चैरिटी नहीं है, बल्कि सम्मान और प्रोफेशनल सपोर्ट का तरीका है। सोनू ने X पर लिखा,
“राजपाल यादव एक टैलेंटेड एक्टर हैं जिन्होंने हमारी इंडस्ट्री को यादगार काम दिया है। कभी-कभी जिंदगी मुश्किल हो जाती है, टैलेंट की वजह से नहीं बल्कि खराब टाइमिंग की वजह से। वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे। एक छोटा सा साइनिंग अमाउंट, जिसे भविष्य के काम के हिसाब से एडजस्ट किया जा सकता है, वह चैरिटी नहीं बल्कि इज्जत है।”
इंडस्ट्री का एकजुट समर्थन
राजपाल यादव ने गुरुवार को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। उनकी आर्थिक स्थिति और भावुक बयान सामने आने के बाद इंडस्ट्री में उनके समर्थन की आवाजें और तेज हो गई हैं। कई कलाकारों ने व्यक्तिगत मदद और फिल्म ऑफर्स के माध्यम से उनके संकट को कम करने का आश्वासन दिया है।
राजपाल यादव के इस संकट में बॉलीवुड सितारों का सहयोग इस बात का उदाहरण है कि कठिन समय में इंडस्ट्री अपने सदस्यों के साथ खड़ी रहती है।

