सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिन्हें देखकर लोग हैरान भी होते हैं और हंसते भी हैं। कभी देसी जुगाड़ की तारीफ होती है तो कभी वही जुगाड़ लोगों के लिए ट्रोलिंग की वजह बन जाता है। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों पाकिस्तान से सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद का बताया जा रहा है, जिसमें एक शख्स ने ऐसा “जुगाड़” किया कि लोग उसकी अक्ल पर सवाल उठाने लगे।
सीट बेल्ट की जगह किया अनोखा जुगाड़
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति कार चला रहा है, लेकिन उसकी गाड़ी की सीट बेल्ट असली नहीं है। दरअसल, गाड़ी की सीट बेल्ट टूट चुकी है और उसकी जगह शख्स ने अपनी पैंट में पहनने वाली बेल्ट को कार की सीट बेल्ट की तरह फिट कर लिया है। बाहर से देखने पर ऐसा लग रहा है मानो उसने बाकायदा सीट बेल्ट पहनी हो। वीडियो में वह शख्स खुद कैमरे के सामने बड़े गर्व के साथ अपना यह जुगाड़ दिखाता नजर आता है।
मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि शख्स ने यह जुगाड़ इसलिए किया ताकि ट्रैफिक पुलिस की नजर से बच सके और ऑनलाइन चालान न कटे। हालांकि, यह जुगाड़ उसकी सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक माना जा रहा है।
सोशल मीडिया पर लोगों का रिएक्शन
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर m.k.azeem नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। खबर लिखे जाने तक वीडियो को 20 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं और हजारों लोग इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। लेकिन जहां कुछ लोग इसे मजाकिया मान रहे हैं, वहीं ज्यादातर यूजर्स ने इस शख्स को जमकर ट्रोल किया है।
एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “ये मजाकिया नहीं बल्कि शर्मनाक है।”
दूसरे यूजर ने कहा, “सीट बेल्ट पुलिस को दिखाने के लिए नहीं, तुम्हारी जान बचाने के लिए होती है।”
तीसरे यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “सुरक्षा गई समोसे लेने।”
वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “इसे अपनी बेवकूफी पर भी गर्व है।”
सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा
ट्रैफिक नियमों के अनुसार सीट बेल्ट पहनना ड्राइवर और यात्रियों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। सीट बेल्ट एक्सीडेंट के समय गंभीर चोटों और जान जाने के खतरे को काफी हद तक कम कर देती है। ऐसे में इस तरह का जुगाड़ न सिर्फ कानून का मजाक उड़ाने जैसा है, बल्कि खुद की जान को भी खतरे में डालने जैसा है।
जुगाड़ बना ट्रोलिंग की वजह
भारत हो या पाकिस्तान, “जुगाड़” को अक्सर लोग स्मार्टनेस से जोड़कर देखते हैं, लेकिन हर जुगाड़ समझदारी नहीं होता। इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सुरक्षा से जुड़े मामलों में जुगाड़ नहीं बल्कि सही नियमों का पालन जरूरी है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो भले ही वायरल हो गया हो, लेकिन लोगों की प्रतिक्रिया साफ तौर पर बता रही है कि ऐसी हरकतों को समर्थन नहीं मिल रहा।

