सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में कई बार लोग सीमाओं को पार कर देते हैं। हाल ही में ऐसा ही मामला मलेशिया से सामने आया है। इन्फ्लुएंसर टैंग सी लुक ने बेघर आदमी के साथ अपमानजनक वीडियो बनाया, जिसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने उसकी निंदा की, और अब उसे इसके लिए लगभग ₹9.2 लाख (RM40,000) का जुर्माना भरना पड़ा।
टैंग सी लुक ने 3 अगस्त, 2025 को चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Douyin पर यह वीडियो अपलोड किया था, जिसे बाद में इंस्टाग्राम पर भी साझा किया गया। वीडियो में शुरुआत में टैंग की आवाज सुनाई देती है: “आज हम एक अच्छा काम करने जा रहे हैं।” लेकिन वीडियो में दिखाया गया कि तीन लड़के चिकन की हड्डियों को चावल के साथ पैक करके एक बेघर आदमी को दे रहे थे।
हालांकि, यह दान नहीं बल्कि शोषण और अपमान के रूप में देखा गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसे नैतिक और सामाजिक दृष्टि से गलत बताया। पीड़ित व्यक्ति ने भी कोर्ट में यह कहा कि उसकी अपमानित और भावनात्मक चोट पहुंची है।
टैंग ने कोर्ट में अपनी गलती स्वीकार की। उसके पास कोई कानूनी वकील नहीं था, लेकिन उसने माफी मांगी और अपने किए पर पछतावा जताया। उसने बताया कि वीडियो की लंबाई एक मिनट से अधिक थी और उसने इसे जानबूझकर अपलोड किया था।
कोर्ट ने टैंग सी लुक पर RM40,000 (लगभग ₹9.2 लाख) का जुर्माना लगाया। जज ने कहा कि यदि वह जुर्माना नहीं भरे तो चार महीने की जेल की सजा का सामना करना पड़ सकता है। फैसले के तुरंत बाद टैंग ने जुर्माना चुका दिया और वीडियो को डिलीट कर दिया। इसके साथ ही उसने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी।
इस मामले ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी और नैतिकता की जरूरत को उजागर किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने की चाह में कई लोग अपनी सीमाओं को भूल जाते हैं, जो न केवल दूसरों की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है बल्कि कानूनी कार्रवाई का कारण भी बन सकता है।
विशेष रूप से युवा कंटेंट क्रिएटर्स को यह घटना सावधानी और जिम्मेदारी की सीख देती है। केवल वायरल होने के लिए आपत्तिजनक कंटेंट बनाना गंभीर परिणाम ला सकता है। टैंग सी लुक के मामले में न केवल जुर्माना लगाया गया बल्कि उसकी प्रतिष्ठा पर भी असर पड़ा।
इस घटना के बाद टैंग ने साफ कर दिया है कि वह भविष्य में ऐसा कंटेंट नहीं बनाएंगे और समाज के प्रति सम्मान बनाए रखेंगे। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में किसी की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करना न केवल गलत है, बल्कि यह कानूनी कार्रवाई का भी कारण बन सकता है।

